उन्नाव। घूरेटोला मोहल्ले में साधु की चाकू से गोदकर की गई हत्या की घटना में फरार ईनामिया मुख्य आरोपी के सीने और माथे पर गोली लगने से पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। फायरिंग में एसओजी का सिपाही घायल होने के साथ उपनिरीक्षक के बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी है। सिपाही का इलाज चल रहा है। एसपी ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे जांच की। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला घूरे टोला निवासी साधु मिलनदास (35) की नौ जून को चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। बड़े भाई वीरेंद्र ने पांच ज्ञात और तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें चार आरोपी जेल जा चुके हैं। मुख्य आरोपी पूर्वियाटोला निवासी इजराइल उर्फ इसराइल और दरगाह शरीफ मोहल्ला निवासी शानू फरार हो गए थे। दोनों पर पुलिस ने एक-एक लाख का इनाम घोषित किया था। एसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि रविवार रात 3:40 बजे बांगरमऊ पुलिस और एसओजी टीम आगरा एक्सप्रेसवे के हवाई पट्टी सर्विस रोड पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली की नौ जून की गई साधु मिलनदास की हत्या के मुख्य आरोपियों में शामिल हत्यारोपी इसराइल उर्फ इजराइल अपने किसी साथी के इंतजार में बांगरमऊ कोतवाली के ताजपुर अंडरपास के पास खड़ा है। एसओजी और कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच घेराबंदी की। हत्यारोपी से आत्मसमर्पण के लिया कहा। लेकिन वह आत्मसमर्पण न कर पुलिस टीम पर फायर कर दिया। एक गोली उप निरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह के बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। दूसरी गोली एसओजी के आरक्षी विकास भदोरिया के बाएं हाथ में लगी। इससे वह घायल हो गए। आत्मरक्षा में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी। गोली इसराइल के सीने और माथे पर लगने से घायल हो गया। स्वास्थ्य केंद्र ले जाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घायल सिपाही का इलाज चल रहा है। मौके से पुलिस को चाकू, तमंचा, दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस दौरान एएसपी अखिलेश सिंह, सीओ संतोष सिंह, एसओजी प्रभारी जयप्रकाश यादव, कोतवाल अखिलेश पांडेय टीम के साथ मौजूद रहे।
साधु की हत्या का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर
