मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले जेवर के 172 किसान, विकास कार्यों पर जताया आभार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले जेवर के 172 किसान

लखनऊ। जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए संचालित पहली उड़ान सोमवार को सुबह करीब 9:55 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंची। इस उड़ान की सबसे खास बात यह रही कि इसमें जेवर एयरपोर्ट परियोजना के लिए भूमि देने वाले 172 किसान शामिल थे, जिन्होंने पहली बार हवाई यात्रा का अनुभव किया। लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने के बाद किसानों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। पहली बार विमान में सफर करने का सपना पूरा होने पर किसानों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर संवाद किया। 172 किसानों के दल में 20 महिला किसान भी शामिल थीं। सभी किसान जेवर क्षेत्र से लखनऊ पहुंचे और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विभिन्न विकास कार्यों, विशेषकर क्षेत्र में हुए बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर आभार व्यक्त किया। बताया गया कि किसान प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं और उनसे मिले लाभों को लेकर मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। संवाद के दौरान किसानों ने अपने अनुभव साझा किए तथा कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की। किसान योगेश कुमार ने बताया कि मात्र 25 मिनट में नोएडा से लखनऊ पहुंचना अविश्वसनीय अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट परियोजना से क्षेत्र का तेजी से विकास होगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और प्रदेश के दो बड़े शहरों के बीच आवागमन आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलकर इस ऐतिहासिक पहल के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं। वहीं योगेंद्र पाल सिंह ने कहा कि पहली बार विमान यात्रा कर बेहद अच्छा महसूस हो रहा है। उनके अनुसार जेवर एयरपोर्ट से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने भी मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए उनसे मुलाकात की इच्छा व्यक्त की। यात्री बालकिशन पाल ने बताया कि हवाई यात्रा करना उनके जीवन का सपना था, जो आज पूरा हो गया। उन्होंने कहा कि लखनऊ और नोएडा के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने से दोनों शहरों की दूरी काफी कम हो जाएगी और लोगों का आना-जाना बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *