कृष्ण कुमार द्विवेदी
हमीरपुर। करवा चौथ के पावन पर्व पर जहां सुहागिनें पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखकर चांद के दीदार का इंतजार कर रही थीं, वहीं एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना ललपुरा थाना क्षेत्र के रूरीपारा गांव की है। गांव निवासी 30 वर्षीय आरती ने करवा चौथ का व्रत रखा था। बताया जा रहा है कि वह चंद्रमा को अर्घ्य देने के लिए अपनी सास और देवरानी के साथ छत पर गई थी। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे गिर गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना से परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां पल भर में मातम छा गया। सबसे दुखद बात यह है कि इस हादसे में 6 साल के मासूम बच्चे के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया।
चांद देखने छत पर गई सुहागिन की गिरकर मौत
