भरुआ सुमेरपुर के पीसीएफ किसान सेवा केंद्र पर खाद वितरण के दौरान बिगड़े हालात, पुलिस की मौजूदगी में किसानों को मिली पर्चियां
संदीप धुरिया।
भरुवा सुमेरपुर। जिले में डीएपी खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों की परेशानी एक बार फिर सामने आई। भरुआ सुमेरपुर स्थित पीसीएफ किसान सेवा केंद्र पर खाद लेने के लिए सुबह से ही किसानों की भारी भीड़ जुट गई। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई और किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। केंद्र पर किसानों की बढ़ती भीड़ के चलते वितरण व्यवस्था संभालने में कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। किसानों को समझाकर कतार में लगाने के प्रयास किए गए, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो सकी। हालात बिगड़ते देख केंद्र प्रभारी शिव सिंह ने पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया।पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस की सख्ती के बाद किसान कतार में लगकर खाद की पर्चियां लेने लगे। इसके बाद खाद वितरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।केंद्र प्रभारी शिव सिंह के मुताबिक, गुरुवार शाम तक कुल 200 किसानों को खाद वितरित की गई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भी किसानों को डीएपी खाद का वितरण जारी रहेगा।खाद लेने के लिए किसानों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने वितरण व्यवस्था को लेकर चुनौती खड़ी कर दी। अब शुक्रवार को होने वाले वितरण के दौरान किसानों की भीड़ को व्यवस्थित रखने और उन्हें सुचारु रूप से खाद उपलब्ध कराने पर नजर रहेगी।
