लखनऊ। सआदतगंज के ब्राह्मणी टोला (नौबस्ता) में पार्किंग विवाद के बाद हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत के मामले में परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। पिता, पुत्र और भतीजे के शव घर पहुंचने के बाद परिवार के लोगों और पड़ोसियों ने तीनों शव घटनास्थल के पास रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने और उसका एनकाउंटर करने की मांग की। वहीं, पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने मामले में कार्रवाई करते हुए सआदतगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया को निलंबित कर दिया। प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने आरोप लगाया कि पहले हुए विवाद के दौरान पुलिस ने लापरवाही बरती। उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि घटना ने उनके परिवार को उजाड़ दिया है और उन्हें न्याय मिलना चाहिए। परिजनों ने मृतक शिवा की बेटी को सरकारी नौकरी देने और परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग भी उठाई। इसके अलावा उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। शव रखकर प्रदर्शन के दौरान इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने सआदतगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दोनों अधिकारियों के खिलाफ यह कार्रवाई ट्रिपल मर्डर की घटना के बाद की गई है। पुलिस ने गोलीबारी के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और चार खाली कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
लखनऊ ट्रिपल मर्डर: तीनों लाशें रखकर हंगामा, दस थानों की पुलिस तैनात, चौकी प्रभारी और इंस्पेक्टर सस्पेंड
