राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक मनीष कुमार ने टेलीस्कोप से छात्रों को कराया चांद व शनि ग्रह का दीदार

दिबियापुर,औरैया। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय जैतपुर-फफूंद में देर शाम आकाश दर्शन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। प्रधानाध्यापक की इस विशेष पहल के तहत आयोजित सत्र में विज्ञान संचारक एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक मनीष कुमार ने आधुनिक टेलीस्कोप के माध्यम से विद्यालय के छात्र-छात्राओं और दर्जनों अभिभावकों को खगोलीय दुनिया से रूबरू कराया।
देर शाम विद्यालय परिसर में टेलीस्कोप स्थापित किया गया, जिसके जरिए बच्चों और ग्रामीणों ने चंद्रमा की सतह को बेहद नजदीक से देखा। चंद्रमा पर मौजूद गड्ढों अर्थात क्रेटर के साथ-साथ सौरमंडल के सबसे खूबसूरत ग्रह शनि और उसके चारों ओर स्थित वलयों यानी रिंग्स का भी प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया।
इस दौरान शिक्षक मनीष कुमार ने उपस्थित लोगों को सौरमंडल की कार्यप्रणाली, ग्रहों की गति और चंद्रमा की कलाओं से जुड़ी कई रोचक व ज्ञानवर्धक जानकारियां दीं। उन्होंने बच्चों को अंधविश्वासों से दूर रहकर वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया। टेलीस्कोप से अंतरिक्ष का नजारा देखने के बाद बच्चे और अभिभावक रोमांचित नजर आए। ग्रामीणों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने जीवन में पहली बार चांद को इतनी बारीकी और स्पष्टता से देखा है। वहीं छात्रों का कहना था कि किताबों में पढ़ी गई खगोलीय घटनाओं को साक्षात देखना उनके लिए एक अविस्मरणीय अनुभव रहा। देर तक चले इस आयोजन ने ग्रामीण अंचल के बच्चों में विज्ञान और खगोलशास्त्र के प्रति नई जिज्ञासा पैदा कर दी।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक ज्ञान प्रकाश, करही और जैतपुर के आधा सैकड़ा बच्चों सहित अर्चना देवी, नैना, जगत नारायण, राकेश कुमार, अनिल कुमार, हारुन, लकी सहित बीस अभिभावक भी उपस्थिति रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *