किसानों की आय दोगुनी करने का दावा करने वाली सरकार बताए कितने किसानों की आय बढ़ी, राकेश टिकैत

असोथर गल्ला मंडी में किसान महापंचायत, राष्ट्रीय प्रवक्ता का किसानों ने किया जगह – जगह स्वागत

शीबू खान। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत का जनपद पहुंचने पर किसानों ने स्वागत किया। इसके बाद असोथर नगर पंचायत की गल्ला मंडी में आयोजित किसान महापंचायत में उन्होंने किसानों की समस्याओं, उनकी आय और अधिकारों को लेकर अपनी बात रखी। महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। महिला किसानों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। सभा में पहुंचे किसानों ने हरे गमछे और टोपी पहनकर किसान एकजुटता का संदेश दिया।महापंचायत को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए राकेश टिकैत ने किसानों की आय दोगुनी करने के मुद्दे पर सरकार से सवाल किया। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने का दावा किया जाता है, लेकिन सरकार को यह बताना चाहिए कि वास्तव में कितने किसानों की आय बढ़ी है। किसानों की आर्थिक स्थिति और उनकी समस्याओं पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं। इसके बावजूद उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य, खेती की लागत और अन्य समस्याओं को लेकर संघर्ष करना पड़ता है। टिकैत ने कहा कि उनका परिवार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध रहा है और किसानों को उनका हक दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे आपसी मतभेदों को दूर कर एकजुट रहें और अपने संगठन को मजबूत बनाएं। उनके मुताबिक, किसानों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ ही अपनी समस्याओं को संगठित तरीके से उठाना चाहिए, ताकि उनकी आवाज प्रभावी ढंग से संबंधित अधिकारियों और सरकार तक पहुंच सके। उन्होंने असोथर में किसानों की बड़ी भागीदारी पर संतोष जताया। साथ ही भारतीय किसान यूनियन के असोथर ब्लॉक अध्यक्ष दीपू मिश्रा के संगठनात्मक प्रयासों की सराहना की। टिकैत ने कहा कि उत्तर प्रदेश के किसान अब अपने अधिकारों और समस्याओं को लेकर जागरूक हो रहे हैं। किसान संगठन की मजबूती और किसानों की एकजुटता से ही उनके मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाया जा सकता है।महापंचायत में राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह, प्रदेश सचिव रनमन सिंह, जिला अध्यक्ष नवल पटेल, युवा जिलाध्यक्ष एडवोकेट विवेक सिंह और ब्लॉक अध्यक्ष दीपू मिश्रा ने भी किसानों को संबोधित किया। वक्ताओं ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में किसान नेता रविदेव सिंह, सोनू सिंह गौतम, जयदेव सिंह, अनुज सिंह, महासचिव उदयराज सिंह, आशीष कुमार, हृदयनाथ सिंह, रनमन सिंह, विवेक सिंह, दिनेश शुक्ला, सर्वेश सिंह, फूल सिंह चौधरी, मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार, प्रमोद साहू, अनिल सिंह, कंचन सिंह, नरसिंह पटेल, अशोक कटियार, राजबहादुर पटेल, रजत सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष असोथर दीपू मिश्रा, ब्लॉक महामंत्री नीरज मौर्य, ब्लॉक संगठन मंत्री धीरज साहू, ब्लॉक सचिव संदीप मौर्य, ब्लॉक उपाध्यक्ष नरेंद्र पासवान, उप सचिव पंकज मौर्य, मीडिया प्रभारी आदर्श सिंह चौहान, रजत मिश्रा, रामकिंकर अवस्थी, रविदेव सिंह, सराय ग्राम अध्यक्ष हरिओम मौर्य, कठौता, सरकंडी एवं जरौली घरवासीपुर के ग्राम अध्यक्षगण और रमाकांत मौर्य समेत अन्य किसान नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। असोथर की गल्ला मंडी में आयोजित इस महापंचायत में किसानों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। सभा के दौरान किसान नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *