मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के प्रस्तावों पर मंथन, डीएम ने दिए आवश्यक निर्देश

फतेहपुर। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना (CM–NSY) के अंतर्गत वर्ष 2025–26 के अनुपूरक बजट में कराए जाने वाले कार्यों के प्रस्तावों को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर पंचायत खागा, करीकान धाता एवं कोड़ा जहानाबाद में प्रस्तावित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि योजना के अंतर्गत शामिल किए गए कार्य अन्य योजनाओं से संतृप्त न हों और वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप ही प्रस्ताव तैयार किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से नाले और नालियों से संबंधित प्रस्तावों पर जोर देते हुए कहा कि उनकी क्षमता क्षेत्र की आबादी के अनुसार सुनिश्चित की जाए, ताकि जल निकासी में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। साथ ही आवश्यकतानुसार पानी के निस्तारण के लिए फिल्टर चेंबर लगाने के निर्देश भी दिए। डीएम ने यह भी निर्देशित किया कि तैयार किए गए सभी स्टीमेट की जांच कर ली जाए कि वे शासनादेश में निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप हैं या नहीं। सभी प्रस्तावों को निर्धारित प्रारूप में तैयार कर अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *