अन्ना जानवर रास्ते में आने से बाइक सवार की मौके पर मौत, पत्नी और पुत्र घायल

अन्ना जानवर रास्ते में आने से बाइक सवार की मौके पर मौत

रियल मीडिया न्यूज नेटवर्क
सिरसा कलार(जालौन) 11 अप्रैल। थाना क्षेत्र के गांव सिम्हारा कासिमपुर निवासी युवक की बीती रात हुई सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले की जानकारी होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मिली जानकारी के अनुसार मुन्नेश पुत्र स्वर्गीय मलखान उम्र 39 लगभग वर्ष निवासी ग्राम सिम्हारा काशिमपुर थाना सिरसा कलार शुक्रवार की रात 9 बजे अपने घर से बाइक लेकर अपनी पत्नी रीना 36 और पुत्र रोहन 2 वर्ष के साथ अपनी ससुराल बसतेपुर में भतीजे की छठी में शामिल होने जा रहा था। चचेरे भाई दिनेश ने बताया की जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल प्रेम वाटिका सिरसा कलार के पास पहुँची तो सामने अचानक एक जानवर के आने से उनकी बाइक डिसबैलेंस होकर रोड पर गिर गई। जिससे भाई के सिर में गंभीर चोट आई थी। बताया कि दुर्घटना के समय वहीं से निकल रहे रहगीरों ने 112 नंबर और एंबुलेंस को फोन किया। बाद में एंबुलेंस से घायलों को कुठौंद पीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने उसके भाई को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उक्त दुर्घटना में पत्नी रीना और पुत्र रोहन के हल्की चोट आई थी। इन दोनों को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। यह भी बताया जा रहा है कि मृतक के पांच बच्चे हैं। जिसमें निशा 13 वर्ष बिट्टू 10 वर्ष नित्य 8 राजा 6 रोहन 2 वर्ष के हैं। पति की दुर्घटना में असमय मौत होने से पत्नी रीना दहाड़ मार कर रो रही है और कहती है अब परिवार कैसे चलेगा? पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। अपने इकलौते बेटे की मौत पर मां सुखदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मां सुखदेवी का पति की मौत के बाद बेटा ही एकमात्र सहारा था, वह भी छिन गया। अब इतना बड़ा परिवार कैसे पलेगा। मुन्नेश के छोटे भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। मुन्नेश के पास नाम मात्र की जमीन थी। केवल मजदूरी करके वह अपने घर के 7 सदस्यों का पेट पलता था। सबसे छोटा बेटा रोहन 2 वर्ष का है जो अपने पापा को समझ भी नहीं पाया। सिरसा कलार के सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र के मुताबिक मृतक का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *