बकरी एवं भेड़ पालन योजना के लिए आवेदन 9 जून तक, इच्छुक पशुपालक करें आवेदनरू डॉ वेदव्रत गंगवार

रियल मीडिया न्यूज नेटवर्क
फतेहपुर। जनपद में पशुपालन को बढ़ावा देने और ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से पशुपालन विभाग द्वारा बकरी एवं भेड़ पालन योजनाओं के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वेदव्रत गंगवार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, जिनके लिए पात्र अभ्यर्थी 9 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा संचालित बकरी पालन योजना के अंतर्गत जनपद को 14 इकाइयों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। योजना के तहत चयन प्रक्रिया शासनादेश एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी। चयन में सभी वर्गों के पात्र लाभार्थियों को शामिल किया जाएगा, जिनमें भूमिहीन महिला एवं पुरुष, निराश्रित महिलाएं, कोविड-19 से प्रभावित परिवार, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के व्यक्ति तथा दिव्यांगजन शामिल हैं। आरक्षण संबंधी प्रावधानों का भी पूर्णतः पालन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त भेड़ पालन योजना के अंतर्गत जनपद को 5 इकाइयों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इस योजना के लिए भी आवेदन की अंतिम तिथि 9 जून 2026 निर्धारित की गई है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि पशुपालन विभाग द्वारा संचालित बकरी पालन योजना (राज्यांश 90 प्रतिशत एवं लाभार्थी अंश 10 प्रतिशत) के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष में 17 इकाइयों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस योजना में अनुसूचित जाति वर्ग के बेरोजगार महिला एवं पुरुष पशुपालकों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही ऐसी विधवा एवं निराश्रित महिलाओं को भी वरीयता मिलेगी, जिनके पास बकरियों के पालन हेतु उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो। उन्होंने बताया कि भेड़ एवं बकरी पालन प्रशिक्षण केंद्र, इटावा तथा केन्द्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान, फरह (मथुरा) से बकरी पालन का प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में वरीयता प्रदान की जाएगी। पशुपालन विभाग ने जनपद के इच्छुक एवं पात्र पशुपालकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त करें और स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने में सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *