नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया है। भारतीय टीम इस सीरीज में शुभमन गिल की कप्तानी में खेलने उतरेगी। विराट कोहली को भी इस सीरीज के लिए टीम में मौका मिला है, लेकिन उनका इसमें खेलना फिटनेस पर निर्भर करता है। वहीं, अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में शतक लगाने वाले यशस्वी जायसवाल को मौका नहीं मिला है। बीसीसीआई की पुरुष चयन समिति ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम का एलान तो कर दिया है, लेकिन इसमें स्पष्ट कहा है कि विराट कोहली का इस सीरीज में खेलना फिटनेस टेस्ट पर निर्भर करता है। कोहली की फिटनेस जांच बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 22 जून को होगी। विराट कोहली ने आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ नाबाद 75 रन की पारी खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को जीत दिलाई थी। इसी मैच के दौरान विराट को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी। चोट के कारण विराट को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रहना पड़ा। विराट फिलहाल लंदन में रिहैब कर रहे हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित
