यूपी एसटीएफ ने एक लाख के इनामी कुख्यात विक्की को किया ढेर, आठ साल से पुलिस को दे रहा था चकमा

यूपी एसटीएफ ने एक लाख के इनामी कुख्यात विक्की को किया ढेर

अंबेडकरनगर। यूपी के अंबेडकरनगर में मंगलवार तड़के यूपी एसटीएफ ने मुठभेड़ में एक लाख के इनामी बदमाश को ढेर कर दिया। इसकी पहचान विक्की उर्फ आसिफ अली पुत्र मजहर हुसैन उर्फ बाबू अली के रूप में हुई है। यह कानपुर नगर के बिल्हौर थाना क्षेत्र के धुरैथा मकरनपुर गांव का रहने वाला था। मुठभेड़ तड़के करीब 4:00 बजे बेवाना थाना इलाके के जगदीशपुर मुस्लिमपुर के निकट हुई। बताया गया कि विक्की उर्फ आसिफ अली क्षेत्र में दहशत का पर्याय बना हुआ था। इस पर हत्या और लूट समेत 25 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। यह आठ साल से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। हाल ही बदमाश विक्की ने जौनपुर और शाहजहांपुर के शाहगंज में हत्या की वारदातों को अंजाम दिया था। इसके बाद से यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए थे। इस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ की घेराबंदी के दौरान विक्की ने टीम पर कई राउंड फायरिंग झोंकी। इसके जवाब में एसटीएफ टीम ने भी फायरिंग की। इसमें गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। इसके बाद उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *