प्लास्टर करते समय चाली से गिरकर राजमिस्त्री की मौत,

परिवार में मचा कोहराम बरमूपुर निवासी प्रेमचंद्र ने अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनों में मचा कोहराम

औरैया। शहर के बनारसीदास मोहल्ले में सोमवार दोपहर प्लास्ट का काम करते समय चाली से गिरकर 60 वर्षीय राजमिस्त्री की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ में काम कर रहे मजदूर उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बरमूपुर निवासी प्रेमचंद्र पुत्र जगन्नाथ (60) राजमिस्त्री का काम करते थे। सोमवार दोपहर करीब दो बजे वह बनारसीदास मोहल्ले में एक मकान पर प्लास्टर कर रहे थे। इसी दौरान अचानक चाली से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ काम कर रहे लोगों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रेमचंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनके परिवार में बेटा अनुराग और दो बेटियां अनुपम व अंशु हैं। अनुपम की शादी हो चुकी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *