नोएडा के फायर ब्रिगेड कर्मी का पेड़ पर लटका मिला शव,

सुसाइड नोट में प्रेमिका पर धोखा देने का आरोप; भाई ने जताई हत्या की आशंका

औरैया। जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के हालेपुर गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर से करीब 500 मीटर दूर आम के पेड़ पर फायर ब्रिगेड कर्मी का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान बिलावा गांव निवासी बृजेश पाल (35) के रूप में हुई है। वह नोएडा में फायर ब्रिगेड में तैनात था। उसकी जेब से सुसाइड नोट और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में उसने एक युवती पर शादी का भरोसा देकर धोखा देने का आरोप लगाया है। वहीं, मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।बृजेश 18 अक्टूबर को छुट्टी लेकर घर आया था। रविवार रात करीब आठ बजे वह बाइक लेकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने हालेपुर गांव के पास आम के पेड़ पर उसका शव लटका देखा। सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल के पास उसकी बाइक खड़ी मिली। मृतक के कानों में ईयरबड लगे थे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।*-सुसाइड नोट में शादी और धोखे का जिक्र*पुलिस को मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट में बृजेश ने अपनी मर्जी से आत्महत्या करने की बात लिखी है। उसने परिवार के किसी सदस्य को परेशान नहीं करने की अपील की है। नोट में उसने लिखा कि वह मैडम जी से शादी करना चाहता था, लेकिन उन्होंने उसे धोखा दे दिया। उसने यह भी लिखा कि वह उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। हालांकि, सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।*-भाई ने जताई हत्या की आशंका*मृतक के भाई अवधेश कुमार ने अजीतमल कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि 25 अक्टूबर की रात किसी का फोन आने के बाद बृजेश बाइक से घर से निकला था। अगले दिन सुबह करीब छह बजे उन्हें शव मिलने की सूचना मिली। अवधेश ने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर शव की स्थिति देखकर उन्हें हत्या की आशंका हुई। उनके मुताबिक, बृजेश के दोनों हाथ गमछे से बंधे थे और पैर जमीन को छू रहे थे। उन्होंने आशंका जताई कि हत्या के बाद शव को पेड़ पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। उन्होंने अपने दावे के समर्थन में घटनास्थल की तस्वीरें भी प्रार्थना पत्र के साथ देने की बात कही है।*-चार लोगों को भेजी थी युवती की तस्वीर*पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले बृजेश ने व्हाट्सएप पर चार लोगों को एक युवती की तस्वीर भेजी थी। इनमें अजीतमल निवासी आशु, बिलावा निवासी सुधीर कुशवाहा और उपेंद्र शर्मा तथा बकेवर निवासी मोनू के नाम सामने आए हैं। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार राजपूत ने बताया कि युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिला था। मौके से सुसाइड नोट और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *