नई दिल्ली। मॉडल टाउन: MCD की सालों की लापरवाही से तंग आकर CC कॉलोनी, स्टेट बैंक कॉलोनी,DTC कॉलोनी, प्रियदर्शनी कॉलोनी और राणा प्रताप बाग के निवासियों ने अब दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने का फैसला किया है। CC कॉलोनी डेवलपमेंट एसोसिएशन (R) के अध्यक्ष अजय पासी ने बताया कि मेट्रो के कार्य के चलते इलाके के कूड़ेदान / ढलाव को शिफ्ट किया जाना था, लेकिन MCD की लापरवाही के कारण इसे शिफ्ट नहीं किया गया। नतीजतन, रोजाना बड़ी संख्या में गौ माताएं कचरा खाने को मजबूर हैं, जिससे उनके जीवन को गंभीर खतरा है। कूड़ेदान अतिक्रमण का अड्डा भी बन गया है। मूर्ति बेचने वाले, मटके बेचने वाले, रिक्शा वालों और गोलगप्पे व अंडे की रेहड़ी लगाने वालों ने मुख्य सड़क पर अवैध कब्जा कर रखा है, जिससे रोजाना घंटों तक ट्रैफिक जाम लगता है। महावीरा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों और नानक पियाऊ गुरुद्वारा आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। “हमने DCP ट्रैफिक, DCP नॉर्थ-वेस्ट (अशोक विहार), MCD डिप्टी कमिश्नर, केशवपुरम जोन और SHO मॉडल टाउन को पत्र द्वारा और मिलकर शिकायत दी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई,” पासी ने कहा। यह क्षेत्र मॉडल टाउन विधानसभा और केशवपुरम जोन के अंतर्गत आता है। यह मामला CC कॉलोनी के सलाहकार और निवासी हाईकोर्ट के सीनियर वकील श्री मुकेश गुप्ता जी और श्री अभिषेक जैन जी के सहयोग से दिल्ली हाईकोर्ट में दायर किया जाएगा। *निवासियों ने कूड़ेदान को तुरंत शिफ्ट करने, अतिक्रमण हटाने और अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
MCD की लापरवाही, ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण से त्रस्त CC कॉलोनी के निवासी जाएंगे हाईकोर्ट
