संदीप धुरिया।
हमीरपुर। चौरा देवी प्रांगण में रविवार को जनकल्याणकारी योजनाओं और निःशुल्क कानूनी सहायता को लेकर वृहद शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में एक ही छत के नीचे विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और जरूरतमंद लोग पहुंचे।उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राम प्यारे ने फीता काटकर किया। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान बच्ची की गणेश वंदना ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई। जनपद न्यायाधीश राम प्यारे ने स्टालों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की गईं, जबकि दो किसानों को ट्रैक्टर की चाबियां सौंपी गईं। मत्स्य पालन से जुड़े लाभार्थियों को आइस बॉक्स सहित टीवीएस विक्की प्रदान की गई। वहीं, चिकित्सा विभाग की ओर से पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा पेंशन, आर्थिक सहायता और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के तहत भी पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।कार्यक्रम में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल ने लोगों को विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली और निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों तक न्यायिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य है।जनपद न्यायाधीश राम प्यारे ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। कोई भी पात्र व्यक्ति आर्थिक या सामाजिक कमजोरी के कारण अपने अधिकारों और सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण और संबंधित विभागों को मिलकर काम करना जरूरी है।इलाहाबाद उच्च न्यायालय, प्रयागराज के प्रशासनिक न्यायमूर्ति प्रमोद कुमार श्रीवास्तव भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला प्रशासन की ओर से शिविर के आयोजन के प्रयासों की सराहना की तथा अधिकारियों और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।शिविर में पुलिस, कारागार, सूचना, पशुपालन, खेल, कृषि, नेडा, डूडा, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण तथा महिला एवं बाल विकास समेत कई विभागों ने अपने स्टाल लगाए। इन स्टालों के जरिए लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया गया।कार्यक्रम में जिलाधिकारी अशोक कुमार, पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक, मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित न्यायिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।
