राष्ट्रवादी पत्रकारिता को संरक्षण देकर प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का काम करता है संघ: सर्वेश सिंह

राष्ट्रवादी पत्रकारिता को संरक्षण देकर प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का काम करता है संघ: सर्वेश सिंह

प्रेस क्लब में विचार गोष्ठी का आयोजन, संघ शताब्दी विशेषांक का हुआ विमोचन
शाहजहांपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ केवल राष्ट्र के प्रति समर्पित संगठन ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य की योजनाओं के तहत राष्ट्रवादी पत्रकारिता को संरक्षण देकर ऐसे पत्रकारों को आगे बढ़ाने का काम भी करता है, जो वसुधैव कुटुंबकम की भावना के साथ संपूर्ण विश्व के कल्याण की कामना करते हैं। पत्रकारों की लेखनी राष्ट्रहित और समाज कल्याण के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह विचार उत्तर प्रदेश समाचार सेवा न्यूज एजेंसी के तत्वावधान में प्रेस क्लब सभागार में आयोजित विचार गोष्ठी में मुख्य वक्ता पांचजन्य के पूर्व ब्यूरो प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश समाचार सेवा के वर्तमान संपादक सर्वेश कुमार सिंह ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि देश में अनेक मीडिया संस्थान कार्य कर रहे हैं, लेकिन राष्ट्रवादी पत्रकारिता को दिशा देने में पांचजन्य, तरुण भारत, हिंदुस्तान समाचार, ऑर्गेनाइजर और राष्ट्रधर्म जैसी पत्र-पत्रिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व जिला बौद्धिक प्रमुख शिव शंकर त्रिपाठी ने कहा कि संघ केवल राष्ट्र का चिंतन ही नहीं करता, बल्कि राष्ट्र के सामने आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए भी सदैव तत्पर रहता है। इतिहास साक्षी है कि जब-जब देश के सामने चुनौतियां आईं, संघ ने उनका डटकर मुकाबला किया। जनता दल एस के प्रदेश अध्यक्ष ओंकार सिंह ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में क्रांतिकारियों के साथ-साथ पत्रकारों की भी अहम भूमिका रही है। पत्रकारों ने अपनी लेखनी के माध्यम से राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक चेतना को मजबूती प्रदान की है।


विशिष्ट अतिथि डॉ. आनंद प्रकाश मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने विभिन्न क्षेत्रों में अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर संगठनों का निर्माण किया। इन संगठनों ने देश में नई सोच, नई दिशा और नए विचारों को जन्म देते हुए समाज एवं राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य एवं विशिष्ट अतिथि अंशुमन सिंह मैसी ने संघ और उसके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आज देश के प्रत्येक क्षेत्र में संघ के स्वयंसेवक अपनी राष्ट्रवादी भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। इस अवसर पर संघ शताब्दी विशेषांक का विमोचन किया गया। अतिथियों को प्रतीक चिह्न एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत सरकार के संस्थान इफको लिमिटेड के वाइस चेयरमैन ठाकुर बलबीर सिंह ने की। संचालन डॉ. सुरेश चंद्र मिश्र ने किया, जबकि कार्यक्रम संयोजक संजीव कुमार गुप्त ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर मोहम्मद इरफान, डॉ. विजय जौहरी सिंह, मोहम्मद आरिफ पत्रकार, सरदार शर्मा, सुरेश सिंह, सुयश सिन्हा, नरेश पांचाल, प्रेम शंकर गंगवार, बलराम शर्मा, अमरदीप रस्तोगी, राजीव मिश्रा, सुशील नारंग, संजीव मिश्रा, नगर निगम पार्षद राजेश गंगवार एवं आईटीआई के डिप्टी डायरेक्टर आकाश मैसी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *