लखीमपुर खीरी में ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, मां-बेटा और बुआ की मौत, पिता गंभीर घायल

लखीमपुर खीरी में ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, मां-बेटा और बुआ की मौत

लखीमपुर खीरी। लखीमपुर खीरी के मितौली थाना क्षेत्र में शिवाला तिराहे के पास सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मौरंग लदे ट्रक से बाइक को टक्कर लग गई। इस हादसे में दो वर्षीय मासूम समेत उसकी मां और बुआ की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर सीओ समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मैगलगंज से लखीमपुर की ओर जा रहा मौरंग लदा ट्रक (यूपी 31 एटी 8879) शिवाला तिराहे के पास पहुंचा। इसी दौरान गोला की तरफ से नीमगांव थाना क्षेत्र के ओदरहिया गांव निवासी अरविंद कुमार (26 वर्ष) अपनी पत्नी मोहनी देवी (24 वर्ष), बहन खुशबू (20 वर्ष) और दो वर्षीय बेटे अभ्यांस के साथ बाइक से मूड़ा बड़ागांव जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक से बाइक को टक्कर लग गई। हादसे में मां-बेटे और बुआ की मौत हो गई, जबकि अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। सीओ यादवेंद्र यादव ने बताया कि घायल अरविंद को जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है। चालक मौके से भाग गया, उसकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *