जालौन में प्रशासनिक फेरबदल: जनहित के कार्यों में तेजी लाने को 5 तहसीलों में नए SDM तैनात

डीएम राजेश पाण्डेय बोले – पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन हमारी प्राथमिकता
राहुल कुमार रियल मीडिया न्यूज
जालौन। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बड़ा फेरबदल किया है। शनिवार को जारी आदेश के तहत जनपद की सभी तहसीलों में नवागत उप जिलाधिकारियों एवं उप जिला मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। डीएम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलें, इसी को ध्यान में रखते हुए यह कार्यभार निर्धारण किया गया है। जारी आदेश के अनुसार जिले की 5 तहसीलों में नए अधिकारियों को तैनात किया गया है: कालपी विनय कुमार मौर्य को उप जिलाधिकारी/उप जिला मजिस्ट्रेट, कालपी बनाया गया है। कोंच अभिनव कुमार यादव को उप जिलाधिकारी/उप जिला मजिस्ट्रेट, कोंच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही उन्हें उप जिलाधिकारी न्यायिक, कोंच का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। जालौन अनीता देवी को उप जिलाधिकारी न्यायिक, जालौन के पद पर तैनात किया गया है। उरई उत्तम कुमार तिवारी को उप जिलाधिकारी/उप जिला मजिस्ट्रेट, उरई बनाया गया है। माधौगढ़ मनोज प्रकाश को उप जिलाधिकारी/उप जिला मजिस्ट्रेट एवं न्यायिक, माधौगढ़ का दायित्व सौंपा गया है। इसके साथ ही कुमार संजय को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट, उरई का कार्यभार देते हुए उप जिलाधिकारी न्यायिक, कालपी का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सभी नवागत अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करें। कानून-व्यवस्था और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। डीएम ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लक्ष्य है कि फील्ड स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार इस फेरबदल से जिले में राजस्व और कानून-व्यवस्था संबंधी कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *