बुढ़वा मंगल पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, डीएम व एसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बुढ़वा मंगल पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

ठड़ेश्वरी मंदिर, मंशापूर्ण मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
राहुल कुमार/उरई जालौन। बुढ़वा मंगल के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी समीर व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जनपद के प्रमुख मंदिरों का निरीक्षण किया। उन्होंने ठड़ेश्वरी मंदिर, मंशापूर्ण मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मंदिर परिसर एवं आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही की स्थिति को देखा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बुढ़वा मंगल के अवसर पर मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भीड़ को व्यवस्थित रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख मंदिरों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में दर्शन-पूजन कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *