संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण में दिखी तत्परता, मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाया और एक घंटे में खतौनी की त्रुटि सुधरवाई
राहुल कुमार।
उरई जालौन जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, कालपी तहसील में प्राप्त हुईं 43 शिकायतें, पांच का मौके पर निस्तारणतहसील कालपी के सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी समीर व पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत प्रदान की गई।सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए कई मामलों में तत्काल कार्रवाई कराई। मोहल्ला जुनेदपुर निवासी एकतार ने दिव्यांग प्रमाण पत्र न बन पाने की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया, जिसके क्रम में मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाकर शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराया गया। इसी प्रकार राम सजीवन ने अपनी खतौनी में नाम की त्रुटि की शिकायत करते हुए बताया कि उनके नाम राम सजीवन के स्थान पर राम जीवन अंकित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार को तत्काल सुधार के निर्देश दिए इसके परिणामस्वरूप मात्र एक घंटे के भीतर खतौनी में नाम की त्रुटि दुरुस्त कर संशोधित खतौनी शिकायतकर्ता को उपलब्ध करा दी गई। वहीं उदलपुरा निवासी तारा देवी ने शिकायत की कि विद्युत विभाग द्वारा उन्हें पिछले दो वर्षों से बिजली का बिल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिसके कारण वह समय से बिल जमा नहीं कर पा रही हैं, जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को तत्काल बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए साथ ही संबंधित एसडीओ को फटकार लगाते हुए तुरंत कार्यालय भेजा और बिजली बिल की प्रति लेकर शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसामान्य की समस्याओं का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य, सीओ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एनएच प्रसाद, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी आदि सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।
