हमीरपुर। एक हैरान करने वाले मामले में राजमिस्त्री का काम सीखने आया युवक अपने ही उस्ताद की पत्नी को लेकर फरार हो गया। मामला थाने तक पहुंचा लेकिन पत्नी ने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।
मौदहा निवासी एक युवक ने थाना बिवांर में तहरीर देकर बताया कि वह कानपुर में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहकर राजमिस्त्री का काम करता है। वहां बिवांर थाना क्षेत्र के बंडा गांव का एक युवक भी उसके पास रहकर काम सीख रहा था। इसी दौरान युवक और उसकी पत्नी के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
आरोप लगाया कि युवक ने उसकी पत्नी को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और दोनों के बीच छिप-छिपकर मुलाकातें होने लगीं। जब इसका विरोध किया तो दो दिन पहले युवक उसकी पत्नी को अपने घर ले गया। पत्नी के घर से गायब होने पर पति बुधवार को युवक के घर पहुंचा लेकिन पत्नी ने उसके साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पति ने यूपी-112 पर सूचना दी, जिस पर पुलिस दोनों को थाने ले आई।
थाने में भी पत्नी प्रेमी के साथ रहने और शादी करने की जिद पर अड़ी रही। वहीं पत्नी ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। बाद में पत्नी अपने मायके बांदा चली गई, जबकि पति अपने एक पुत्र और एक पुत्री के साथ वापस लौट गया। थाना प्रभारी एसआई मोहम्मद सुल्तान ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
