रियल मीडिया न्यूज/वाराणसी। सहकार भारती की प्रदेश कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक श्री धर्मसंघ शिक्षा मंडल के सभागार में संपन्न हुई। बैठक को सम्बोधित करते हुऐ राष्ट्रीय संगठन मंत्री संजय पाचपोर ने संगठन को मजबूत, आत्मनिर्भर एवं प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संगठन को राजनीतिक दल की तरह संचालित न कर, सेवा और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए। बैठक में जिलाध्यक्षों, महामंत्रियों, महिला प्रमुखों एवं अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति और सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यों में गति लाने के उद्देश्य से प्रदेश स्तर से एक तथा जिला स्तर से दो कार्यकर्ताओं की तीन सदस्यीय टीम बनाकर विभागवार जिम्मेदारी तय करने का सुझाव दिया गया। इस अवसर पर यह प्रस्ताव भी रखा गया कि प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक वर्ष में एक बार आयोजित की जाए, जिससे समय एवं ऊर्जा का बेहतर उपयोग हो सके और कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें। राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने कार्यकर्ताओं को आत्मविश्वास के साथ चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण संघर्ष की भावना है। उन्होंने कहा कि यदि जीत संभव न हो, तो भी संगठन को इतना सशक्त बनाया जाए कि उसे नजरअंदाज न किया जा सके। संगठन में पारदर्शिता और ईमानदारी पर जोर देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की सिफारिश या दबाव के आधार पर नियुक्तियां नहीं की जाएंगी। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि जो कार्यकर्ता निरंतर निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेगा, उसे उसका उचित फल अवश्य प्राप्त होगा। हनुमान जयंती के अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी को भगवान हनुमान से प्रेरणा लेकर सद्भाव, समर्पण और विशाल हृदय के साथ कार्य करना चाहिए। बैठक में महामंत्री श्री अरविंद दुबे ने जिलेवार संगठन विस्तार की जानकारी प्रस्तुत की, जबकि प्रदेश अध्यक्ष डॉ अरुण कुमार सिंह ने सहकारी संस्थाओं की समस्याओं के समाधान के उपाय बताए। कुछ कार्यकर्ताओं को दायित्व परिवर्तन कर नए दायित्व की भी घोषणा की गई। व्यवस्था में लगे सभी कार्यकर्ताओं का परिचय कराते हुए उनका सम्मान भी किया गया बैठक में उपस्थित प्रमुख जन डॉ. वीरेंद्र जायसवाल, दीपक चौरसिया, पंडित जगजीतन पाण्डेय, सुनील गुप्ता, डॉ. अरुण कुमार सिंह, अरविंद दुबे, संजय पाचपोर, डी.पी. पाठक, डॉ. एस. के. सिंह, श्रीमती सोनिका राणा, श्रीमती मीनाक्षी राय, श्रीमती तुषमूल मिश्रा, हरेंद्र सिंह, कैलाश निषाद, लोकेंद्र सिंह, आनंद पाण्डेय, पदमाकर पाण्डेय रुकम पाल सिँह, धर्मेन्द्र शुक्ला कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 350 से अधिक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सहकार भारती के कार्यकर्ता सहकारी संस्थाओं के चुनाव मजबूती से लड़े: राष्ट्रीय संगठन मंत्री
