शिकोहाबाद की सब्जी मंडी में भीषण आग, 50 से अधिक दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान

शिकोहाबाद की सब्जी मंडी में भीषण आग

रियल मीडिया न्यूज/फिरोजाबाद। फिरोजाबाद के शिकोहाबाद की सब्जी मंडी में देर रात्रि भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते इसकी चपेट में आने से लगभग 50 से 60 दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। इस अग्निकांड में व्यापारियों का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। सब्जी मंडी से शुरू हुई आग ने पास ही स्थित कपड़े की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कपड़े की दुकानों में आग फैलने के कारण व्यापारियों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर-दूर तक आसमान में धुआं और रोशनी दिखाई दे रही थी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों और व्यापारियों ने फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां समय रहते मौके पर पहुंच जातीं और मुस्तैदी दिखाई होती, तो आग को कपड़े की दुकानों तक फैलने से रोका जा सकता था। सूचना देने के काफी देर बाद संसाधनों के पहुंचने से व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक अधिकांश दुकानें मलबे में तब्दील हो चुकी थीं। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट को इसकी मुख्य वजह माना जा रहा है। प्रशासन नुकसान के आकलन में जुट गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार आग देर रात करीब 02:21 बजे लगी थी। इस अग्निकांड में 06 से 07 रेडीमेड कपड़ों की दुकानें प्रभावित हुई हैं। 40 दुकानें सब्जी और फलों की आग की चपेट में आई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *