रियल मीडिया न्यूज नेटवर्क/हमीरपुर। मौदहा कोतवाली क्षेत्र में कपसा रोड पर चंद्रावल पुल के पास एक ऑटो रिक्शा और स्कॉर्पियो कार की हुई आमने सामने टक्कर में दो अध्यापिकाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस और पीआरवी की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सभी घायलों की हालत चिंताजनक होने पर उनका प्राथमिक उपचार कर उन्हें मुख्यालय रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनसार मौदहा के मलीकुंआ चौराहे से एक थ्री-सीटर ऑटो रिक्शा का चालक अपनी ऑटो में कुछ अध्यापिकाओं सहित आधा दर्जन से अधिक सवारी बैठाकर टिकरी जा रहा था। तभी ग्राम सिजनौडा के निकट बह रही चंद्रावल नदी के पुल के मोड पर सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जोरदार भिड़ंत हो गई। जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त होने के अलावा ऑटो में सवार घायलों में चीख पुकार मच गई। इस घटना में घायल पति-पत्नी बाबा दीन 54 वर्ष व मेसर 50 वर्ष निवासी रोहारी, पूजा 25 वर्ष पुत्री रणविजय निवासी सिलौली, कंचन 36 वर्ष पत्नी अनिल निवासी मौदहा, राजीव 50 वर्ष पुत्र कारेलाल निवासी भैंस्ता, रामकली 70 वर्ष पत्नी जंगलिया निवासी बाँदा, रोहित 28 वर्ष पुत्र दनुआ व नवल 18 वर्ष पुत्र वरदानी निवासी टिकरी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंच गई। पलिस क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय व कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। कुछ घायलों को पीआरवी वाहन में बैठाकर अस्पताल ले जाया गया। घायलों में प्राइमरी स्कूल उरदना जा रही अध्यापिकाए कंचन देवी और पूजा यादव भी शामिल हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
ऑटो रिक्शा और स्कॉर्पियो कार की टक्कर में दो अध्यापिकाओं समेत आठ लोग घायल
