ईओ बोले निलंबित करके मांगा है स्पष्टीकरण
बगैर लिखित आदेश के चालक ले गया था गाड़ी
हमीरपुर। कूड़ा गाड़ी में खिचड़ी का भगौना रखकर बाढ़ पीड़ितों को बांटने का मामला ईओ द्वारा चालक को बर्खास्त कर देने के बाद तूल पकड़ गया है। सुमेरपुर कस्बे के एक समाजसेवी ने जिलाधिकारी से शिकायत करके अधिशासी अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही की मांग उठाते हुए चालक को निर्दोष बताकर वापस नौकरी में रखने की मांग की है। जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं।
गत 2 अगस्त को नगर पंचायत सुमेरपुर के अधिशासी अधिकारी दिनेश आर्य ने नगर पंचायत की कूड़ा ढोने वाली गाड़ी में खिचड़ी का भगौना रखकर मुख्यालय के बाढ़ पीड़ितों को वितरण किया था। कूड़ा गाड़ी में ईओ के साथ चेयरमैन बैठे हुए थे। इसका वीडियो वायरल हुआ था।यह खबर प्रमुखता के साथ छपी थी। खबर छपने के बाद ईओ ने होशियारी दिखाते हुए गाड़ी के चालक रोमी की संविदा समाप्त करके बर्खास्त कर अपने आप को बचाने की कोशिश की है। चालक के बर्खास्त होने पर संविदा कर्मियों में रोष पनप गया है। संविदा कर्मी आंदोलन की रूपरेखा बना रहे हैं। चालक के बर्खास्त होने के बाद कस्बे के एक समाजसेवी ने पूरे प्रकरण की शिकायत जिलाधिकारी से करते हुए अधिशासी अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दिनेश आर्य ने बताया कि चालक बगैर आदेश के गाड़ी लेकर गया था। उसको बर्खास्त करके स्पष्टीकरण मांगा गया है। जब उनसे पूछा गया कि गाड़ी में आप भी मौजूद थे, तब वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके और कहा कि चालक का स्पष्टीकरण मिलने के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी। अभी सिर्फ निलंबित किया गया है।
