बोलेरो और डंपर की जोरदार भिड़ंत, मासूम समेत तीन की मौत

बोलेरो और डंपर की जोरदार भिड़ंत, मासूम समेत तीन की मौत

रियल मीडिया न्यूज/उन्नाव। उन्नाव जिले में बिहार-बक्सर मार्ग पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें थाना क्षेत्र के कीरतपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन सड़क किनारे खंती में जा पलटे। हादसे में बोलेरो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार, बोलेरो सवार सभी लोग मौरावां थाना क्षेत्र के पठई गांव के निवासी हैं। वे बक्सर स्थित चंडिका देवी मंदिर में बच्चे का मुंडन कराकर घर लौट रहे थे।
जोरदार टक्कर से उड़े बोलेरो के परखच्चे
डंपर की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। टक्कर मारने के बाद डंपर भी अनियंत्रित होकर बोलेरो के ऊपर ही खंती में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
गंभीर रूप से घायल सात लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पठई गांव में जैसे ही हादसे की खबर पहुंची, पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। जिस घर में मुंडन की दावत की तैयारी हो रही थी, वहां अब कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *