रियल मीडिया न्यूज/लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण आज करेंगे। पीएम मोदी हरदोई में मल्लावां कट के पास श्यामपुर में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। 594 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे प्रदेश के 12 जनपदों से निकला है। एक्सप्रेसवे से मेरठ और प्रयागराज के बीच का सफर महज छह घंटे में पूरा होने का दावा किया जा रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्यास वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों की घोषणा से ऐन पहले हुआ था। तब शाहजहांपुर के रोजा रेल मैदान में 18 दिसंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका शिलान्यास किया था। तब आस पास के कई जनपदों, जिसमें हरदोई भी शामिल है, इसके गवाह बने थे। गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को मध्य उत्तर प्रदेश से पूरब और पश्चिम को साधेंगे। दरअसल यह एक्सप्रेस-वे पूरब के प्रयागराज से पश्चिम के मेरठ को जोड़ता है। यह एक्सप्रेस-वे मध्य उत्तर प्रदेश के चार जिलों से भी निकला है। पिछले कुछ वर्ष से भले ही उत्तर प्रदेश में पूरब और पश्चिम की राजनीतिक लड़ाई सतह पर न रही हो, लेकिन अंदरखाने इसको लेकर चर्चा होती रहती है। कभी केंद्र तो कभी राज्य सरकार पर पश्चिम से ज्यादा महत्व पूरब को दिए जाने के आरोप लगते हैं, तो कभी यही आरोप पूरब की तरफ से भी लगते रहे हैं। अगले साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। सूबे में पिछले दो चुनावों से लगातार भाजपा जीत रही है। स्वाभाविक रूप से सत्ता विरोधी लहर भी तैयार हो ही जाती है। इस सबके बीच समय समय पर हुए राजनीतिक घटनाक्रमों को सरकार ही नहीं भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व भी गंभीरता से लेता रहा है। अब गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण इन सभी राजनीतिक गड्ढों को पाटने का भी मुनासिब समय है। चूंकि यह एक्सप्रेस-वे मेरठ से प्रयागराज के बीच बना है, इसलिए इसके जरिए पूरब और पश्चिम का भेद मिटाने की कवायद भी हुई है। दोनों को एक्सप्रेस-वे पर रफ्तार भरने का मौका मिला है। मध्य यूपी से इसका लोकार्पण हो रहा है, तो जाहिर सी बात है कि इसका असर मध्य यूपी के जिलों मेें भी पड़ेगा।
गंगा एक्सप्रेसवे पर बनाए गए हैं कट
गंगा एक्सप्रेसवे पर प्रधानमंत्री के आवागमन के लिए एक कट बनाया गया है। वीआईपी और सभास्थल पर आने-जाने वाले लोगों के लिए बनाए गए हैं। कन्नौज से आने वाले लोगों के लिए राघौपुर सड़क से सभास्थल के पहले 14 कट बनाए गए हैं। इसमें सात कट वाहनों के लिए रखे गए हैं। उन्नाव की तरफ से आने वाले लोगों के लिए एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन से तीन कट और एक्सप्रेसवे से उतरने के लिए दो कट बनाए गए है। हरदोई की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए एक्सप्रेसवे के दाहिनी ओर बनी सर्विस लेन पर 6 कट बनाए गए हैं और एक्सप्रेसवे से आने वालों के लिए लोगों के उतरने के लिए तीन कट बनाए गए हैं।
144 सीसी कैमरा करेंगे चप्पे-चप्पे की निगरानी
प्रधानमंत्री के सभास्थल से लेकर बाहर परिसर तक की गतिविधियों की निगरानी के लिए 144 सीसी कैमरा लगवाए गए हैं। लोकार्पण समारोह में आने-जाने वाले लोगों, सुरक्षा बंदोबस्त और सभास्थल में बैठे लोगों पर इन कैमरों की नजर रहेगी। वैसे तो सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसपीजी, पीएसी और पुलिस फोर्स लगाया गया है। वहीं सीसी कैमरों से भी कंट्रोल रूम में नजर रखी जाएगी।
पीएम मोदी आज करेंगे सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस वे का उद्घाटन
