शीबू खान/राहुल कुमार रियल मीडिया नेटवर्क
फतेहपुर/जालौन। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यूपी के फतेहपुर व जालौन जिलों का ताबड़तोड़ दौरा कर हज़ारों करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलांयास किया साथ ही अपनी सरकार की विकास योजनाओं को जनता के सामने प्रस्तुत करते हुए पिछली सरकारों पर निशाना साधा। फतेहपुर जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मदारीपुर कला स्थित मैदान में विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव का राजनीतिक संदेश देते हुए विकास को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले फतेहपुर आकांक्षी जिलों में गिना जाता था। रोजगार, स्वास्थ्य और विकास के पैमानों पर जिला पिछड़ा हुआ था, लेकिन पिछले नौ वर्षों में तस्वीर बदली है और अब फतेहपुर आकांक्षी जिला नहीं रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले युवाओं की नौकरियों पर डकैती डाली जाती थी, जबकि आज पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, पुल, सड़क, बिजली, निवेश, अस्पताल और कंपोजिट विद्यालय जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने विकास को गांव-गांव तक पहुंचाया है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले विकास कुछ क्षेत्रों तक सीमित था और किसानों, युवाओं व आम जनता की उपेक्षा की जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा के शासन में युवाओं का शोषण हुआ और नकल माफिया को संरक्षण मिला। कहा कि छात्र-छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नीट परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपियों पर कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दोषियों की संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी। वहीं, पेपर लीक पर संसद में बिल भी आएगा। कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि माफिया और अपराधियों के लिए उत्तर प्रदेश में अब कोई जगह नहीं है। ऐसे लोगों के लिए सिर्फ जेल या जहन्नुम का रास्ता बचा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में माफिया पर प्रभावी लगाम लगी है। साथ ही आरोप लगाया कि सपा नेताओं ने सरकारी जमीनों पर कब्जे किए, जिन्हें अब हटाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया और राष्ट्रीय शिक्षा नीति ने देश के युवाओं को नई पहचान और सम्मान दिलाया है। उन्होंने कहा कि यदि फतेहपुर सदर विधानसभा की जनता भाजपा को और मजबूत जनादेश देगी तो जिले का विकास कई गुना गति से आगे बढ़ेगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर जालौन जिले के दौरे पर उरई पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन से सीधे इंदिरा स्टेडियम स्थित जनसभा स्थल के लिए रवाना हुए। जनसभा स्थल पहुंचते ही भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। जनसभा को संबोधित करते हुए कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि 70 वर्षों में जितना विकास नहीं हुआ, उतना मुख्यमंत्री योगी सरकार ने करके दिखाया है। विधायक ने मुख्यमंत्री के समक्ष कालपी के प्रसिद्ध हाथ से बने कागज उद्योग को बढ़ावा देने और कालपी को राष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन क्षेत्र घोषित करने की मांग रखी, ताकि क्षेत्र का औद्योगिक व ऐतिहासिक विकास हो सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जालौन वासियों को कुल 1273.96 करोड़ की लागत वाली 324 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। इन विकास कार्यों में 216 परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया, जबकि 108 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रभारी मंत्री संजय गंगवार सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं उरई सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में जमीनों पर अवैध कब्जे आम बात थे, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अब भू-माफियाओं पर कठोर कार्रवाई की जा रही है और कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। इसके साथ ही विधायक ने जिले के युवाओं को उच्च तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए जालौन में इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना कराने की प्रमुख मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
सरकार ने विकास को गांव-गांव तक पहुंचायाः सीएम योगी
