मौदहा और सुमेरपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, रीगल स्वीट हाउस में गंदगी मिलने पर नोटिस जारी
संदीप धुरिया।
हमीरपुर। दीपावली पर्व पर मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को मौदहा और सुमेरपुर कस्बे में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मिठाई की दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाइयों और खाद्य पदार्थों के कुल पांच नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी हमीरपुर के निर्देश पर उप जिलाधिकारी मौदहा करन वीर सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। मौदहा स्थित रॉयल फ्रेश फूड कंपनी से मिल्क केक और रवी स्वीट्स से पेड़ा का नमूना लिया गया। वहीं सुमेरपुर स्थित बीकानेर स्वीट हाउस से खोया और छेना तथा रीगल स्वीट हाउस से छेना का नमूना संग्रहित किया गया।जांच के दौरान सुमेरपुर के रीगल स्वीट हाउस में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।अधिकारियों की मौजूदगी में चला अभियाननिरीक्षण अभियान में क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पाण्डेय, सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय डॉ. गौरी शंकर, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मृत्युंजय कुमार तथा थाना प्रभारी मौदहा संतोष सिंह मौजूद रहे।अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटी अथवा दूषित खाद्य सामग्री का क्रय-विक्रय नहीं करने की सख्त हिदायत दी।खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग का यह अभियान दीपावली तक लगातार जारी रहेगा।
