बाहर से दवाएं लिखने और अनावश्यक रेफर करने पर जताई सख्ती
महिला अस्पताल में जननी सुरक्षा योजना के लंबित भुगतान पर नाराजगी, एक सप्ताह में भुगतान निस्तारण के निर्देश, वृद्धाश्रम और कुष्ठ आश्रम में भी पहुंचे अधिकारी
संदीप धुरिया।
हमीरपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलाधिकारी अशोक कुमार ने जिला संयुक्त चिकित्सालय के पुरुष एवं महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को फल वितरित कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में सुधार, बेहतर उपचार और मरीजों को समय से दवाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को स्वच्छ वातावरण के साथ बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। चिकित्सकों को निर्देशित किया कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से मरीजों का समुचित उपचार किया जाए। अनावश्यक रूप से मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर न किया जाए। केवल गंभीर और अपरिहार्य चिकित्सकीय परिस्थितियों में ही रेफर करने की कार्रवाई की जाए।दवाओं की उपलब्धता को लेकर डीएम ने स्पष्ट किया कि मरीजों को आवश्यक दवाएं अस्पताल के दवा स्टोर अथवा प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र से उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी मरीज को बाहर से दवाएं खरीदने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।जननी सुरक्षा योजना के लंबित भुगतान पर डीएम नाराजमहिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान जननी सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के लंबित भुगतान का मामला सामने आया। पिछले वित्तीय वर्ष और वर्तमान वित्तीय वर्ष में अप्रैल माह से अब तक लंबित भुगतानों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए कि एमओआईसीवार लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर एक सप्ताह के भीतर सभी भुगतान सुनिश्चित कराए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में भुगतान नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।वृद्धाश्रम और कुष्ठ आश्रम में भी पहुंचे अधिकारीराष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रमों के तहत मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने वृद्धाश्रम और कुष्ठ आश्रम पहुंचकर वहां रह रहे लोगों को फल वितरित किए तथा उनका कुशलक्षेम जाना। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों में सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। शाम को राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम परिसर में सरदार पटेल के जीवन चरित्र पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन किया गया।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पुरुष डॉ. आरएस प्रजापति, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक महिला राजीव शाक्य सहित अस्पताल के अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरदार पटेल के विचारों और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता दी गई।
