हमीरपुर में धूमधाम से मनाई गई सरदार पटेल की जयंती, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की दिलाई गई शपथ

कलेक्ट्रेट में चित्र प्रदर्शनी और विचार गोष्ठी का आयोजन, डीएम अशोक कुमार ने सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने का किया आह्वान

संदीप धुरिया। हमीरपुर। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से कलेक्ट्रेट परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान को याद किया गया।कलेक्ट्रेट परिसर में सूचना विभाग की ओर से राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता विषय पर विशेष चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। जिलाधिकारी अशोक कुमार और मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में सरदार पटेल के जीवन संघर्ष, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका और आजादी के बाद देशी रियासतों के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान को चित्रों एवं सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।इसके बाद कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में विचार गोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। वक्ताओं ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और एकता की भावना का प्रतीक है। उन्होंने जिस दूरदर्शिता और संकल्प के साथ देशी रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करने तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत बनाने का आह्वान किया।इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा आंतरिक सुरक्षा में अपना योगदान देने की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *