बारिश से जालौन में अलर्ट मोड पर प्रशासन: डीएम राजेश पांडेय ने दिए त्वरित राहत के निर्देश

बारिश से जालौन में अलर्ट मोड पर प्रशासन: डीएम राजेश पांडेय ने दिए त्वरित राहत के निर्देश

सब हेडलाइन: क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत, फसल क्षति का सर्वे और प्रभावित परिवारों को 24 घंटे में मुआवजे का आदेश
राहुल कुमार

उरई/जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में उप जिलाधिकारियों, खण्ड विकास अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल, पंचायत भवन, अस्पताल, गौशाला सहित आमजन के आवागमन वाले सभी महत्वपूर्ण मार्गों को पक्का और दुरुस्त किया जाए। बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों को प्राथमिकता पर ठीक कराया जाए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी और आरईएस विभाग को तत्काल निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू करने को कहा। किसानों को राहत देने के लिए उन्होंने बीमित फसलों का तत्काल सर्वे कराकर नियमानुसार मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे और मुआवजा प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता रखी जाए ताकि पात्र किसानों को समय से लाभ मिल सके। डीएम ने कहा कि यदि नालों के ओवरफ्लो होने से आवागमन बाधित हो तो वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था तुरंत की जाए। जनहानि, पशुहानि या मकान क्षति की स्थिति में प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। ग्राम पंचायतों में संतृप्तीकरण के अवशेष कार्यों और वीबीजी राम जी योजना के तहत उपयोगी कार्यों को भी प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी राजीव राज, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *