स्कॉर्पियों से भिड़ी 50 मजदूरों से भरी पिकअप, 16 लोगों की मौत व 15 घायल

स्कॉर्पियों से भिड़ी 50 मजदूरों से भरी पिकअप

रियल मीडिया न्यूज/धार। धार में हुए सड़क हादसे की खबर ने प्रदेश समेत देश को झकझोर कर रख दिया है। इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इस दर्दनाक और रूह कंपा देने वाली दुर्घटना ने पीड़ितों के परिजनों को कभी न भूल पाने वाले जख्म दिए हैं। अब तक इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 10 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। आपको बताते हैं कि यह हादसा कब और कैसे हुआ? साथ ही केंद्र व राज्य सरकार से पीड़ितों के परिजनों को कितनी मदद मिलेगी। रात का अंधेरा और सड़क पर बिखरे अपनों के शव, खून से लथपथ जिंदगियां। दूर-दूर तक गूंजने वाली चीख-पुकार ने न सिर्फ मध्य प्रदेश को बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। जैसे ही जिला प्रशासन और सड़क हादसे के शिकार हुए परिजनों को इस खौफनाक, भयावह हादसे की खबर मिली, तो सब कुछ पल के लिए हैरान रह गए। 50 मजदूरों से भरे पिकअप वाहन की स्कॉर्पियो से हुई टक्कर ने 16 जिंदगियां छीन लीं। 10 लोग अभी-भी अति गंभीर रूप से घायल हैं। इंदौर में उनका उपचार चल रहा है। हादसा चिकलिया स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास रात 8:30 बजे हुआ। मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक मजदूर सवार बताए जा रहे हैं। वाहन पलटने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हाईवे पर मची चीख-पुकार
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई थी। गुरुवार सुबह मिले अपडेट के मुताबिक मृतकों का आंकड़ा 16 हो गया है, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 10 अति गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया गया है। यह पिकअप वाहन धार से अमझेरा की ओर जा रहा था। तभी ओवरलोड पिकअप वाहन असंतुलित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया, फिर सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई श्रमिक वाहन के नीचे दब गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायलों को निकाला।
कम पड़ गई जिला अस्पताल में जगह
हालात कैसे थे, इस बात का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि जब इतनी बड़ी संख्या में घायलों को जिला अस्पताल एक साथ पहुंचाया गया, तो वहां जगह कम पड़ गई। घायलों को जमीन पर लिटाकर इलाज करना पड़ा। हालांकि, घटनाक्रम की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए सभी घायलों का समुचित इलाज शुरू किया।

ठूंस-ठूंसकर श्रमिकों पिकअप में बैठाया गया था
रात में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर सहित इंदौर संभागायुक्त सुदामा खाड़े एवं इंदौर रेंज के महानिरीक्षक अनुराग भी पहुंचे। हादसे का कारण पिकअप वाहन में सवार श्रमिक ग्राम बग्गड़ के पास खेत पर काम करने गए थे और लौटते समय यह हादसा हुआ। श्रमिकों ने बताया कि वाहन में लगे स्पीकर से चालक तेज आवाज में गाना सुनते हुए वाहन लहराते हुए चला रहा था। वाहन में ठूंस-ठूंसकर श्रमिक भरे थे। इसका खामियाजा श्रमिकों को जान देकर चुकाना पड़ा।

पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख, आर्थिक सहायता का एलान किया
इस भीषण हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *