रियल मीडिया न्यूज
भरुआ सुमेरपुर। क्षेत्र के ग्राम विदोखर मेदनी में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक चरम पर है। हिंसक हो चुके कुत्तों के झुंड रिहायशी इलाकों में घुसकर घरों के भीतर बंधे पालतू पशुओं पर हमला कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि कुत्तों के झुंड रात के समय घरों की छतों और छप्परों पर चढ़कर अंदर प्रवेश कर जाते हैं और बंधे हुए छोटे पशुओं जैसे पड़िया,बछिया एवं बकरियों को निशाना बना रहे हैं। बीते एक सप्ताह में ही एक दर्जन से अधिक पशुओं को ये कुत्ते मार चुके हैं।
हमलों में अजयपाल सिंह परिहार की दो पड़िया, ब्रजेन्द्र सिंह की दो पड़िया, वीरेन्द्र सिंह की एक बछिया, देवीलाल का एक बकरा, रमजान खां व टर्रा खां की एक-एक बकरी तथा कुलदीप तिवारी की बकरी सहित अन्य पशु शिकार हो चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कुत्तों के बढ़ते आतंक से अब बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। पीड़ितों ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर आवारा कुत्तों को पकड़वाने तथा समस्या से निजात दिलाने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।प्रधान लालाराम यादव ने बताया कि पशु पालकों ने कोई जानकारी नहीं दी है।शिकायत मिलती है तो आवारा कुत्तों को पकड़ा जाएगा।
