कौशांबी में मिट्टी खोदाई के दौरान टीला ढहा, मां-बेटी समेत तीन की मौत

कौशांबी में मिट्टी खोदाई के दौरान टीला ढहा, मां-बेटी समेत तीन की मौत

रियल मीडिया न्यूज
कौशांबी। कौशांबी जिले के मंझनपुर थाना इलाके के चकथामा गांव में रविवार सुबह मिट्टी खोदने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चूल्हे की पुताई के लिए तालाब किनारे मिट्टी निकाल रही महिलाओं और बच्चों पर अचानक मिट्टी का टीला भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मंझनपुर थाना क्षेत्र के चकथामा गांव निवासी गीता देवी (35) पत्नी लल्लू, उनकी बेटी अंकिता (6), बेटा अमित (10), पड़ोस की रहने वाली उत्तरा देवी (55) और जितिया देवी (45) के साथ रविवार सुबह करीब 6 बजे से 6:30 बजे के बीच घर से कुछ दूरी पर स्थित स्थान पर चूल्हे की पुताई के लिए मिट्टी खोदने गई थीं। बताया जा रहा है कि सभी लोग तालाब किनारे मिट्टी निकाल रहे थे। इसी दौरान ऊपर का मिट्टी का टीला भरभराकर गिर पड़ा और सभी उसके नीचे दब गए। हादसा होते ही वहां चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ सदर शिवांक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर सभी को बाहर निकाला और आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने गीता देवी, उनकी बेटी अंकिता और उत्तरा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अमित और जितिया देवी का उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत खतरे से बाहर है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। सीओ सदर शिवांक सिंह ने बताया कि मिट्टी खोदने के दौरान अचानक टीला धंसने से हादसा हुआ है। तीन लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि दो घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *