देवबंद में मंच से गरजे सीएम योगी, कहा-श्बंगाल की जीत ने दिखाया आईनाश्, फतवों पर ली चुटकी

देवबंद में मंच से गरजे सीएम योगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को सहारनपुर जिले के देवबंद पहुंचे, जहां उन्होंने हजारों करोड़ रुपये की लागत से तैयार और प्रस्तावित विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए और जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को विस्तार से जनता के सामने रखा। मुख्यमंत्री ने देवबंद की पावन भूमि का स्मरण करते हुए मां शाकुंभरी सिद्धपीठ और माता त्रिपुरबाला कुंदरी के प्रति श्रद्धा व्यक्त की और सहारनपुर के सभी नागरिकों का अभिनंदन किया। अपने संबाेधन के दौरान उन्होंने बंगाल की जीत, कनेक्टिविटी और कानून व्यवस्था, दंगो और फतवों पर अपने विचार रखे।
विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात
सहारनपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले के लिए बड़ी विकास सौगात की घोषणा की। उन्होंने बताया कि सहारनपुर जिले में हजारों करोड़ रुपये की लागत से सैकड़ों विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जा रहा है। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, आधारभूत ढांचा, पेयजल व्यवस्था, शिक्षा और अन्य जनहित से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर जिले में तेजी से विकास कार्य कराना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन से जिले के विकास को नई गति मिलेगी और आम नागरिकों को सुविधाओं का लाभ सीधे मिलेगा।
योजनाओं के लाभार्थियों को मिले प्रमाण-पत्र
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है और पारदर्शिता के साथ उनका संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रदेश सरकार कई योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।
बंगाल की जीत ने दिया बड़ा संदेश
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता विकास और सुशासन को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीसरी बार, उत्तराखंड में दूसरी बार और पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद उन लोगों को आईना दिखाने का काम हुआ है, जो समाज को बांटने की राजनीति करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि जनता के बीच सक्रिय रहते हैं, सरकार जनभावनाओं का सम्मान करती है और योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाता है, तो जनता ऐसे शासन को दोबारा अवसर देती है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं करती और विश्वासघात करती है, तो जनता उसे सत्ता से हटाने में देर नहीं लगाती। चुनाव परिणामों ने इस बात का स्पष्ट संदेश दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवबंद में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कानून व्यवस्था, विकास कार्यों और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कोई व्यक्ति कानून व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश करेगा तो उसे उसके परिणामों का भी सामना करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह सीधे जनता के बीच इसलिए आए हैं ताकि लोगों को बता सकें कि प्रदेश में हो रहे विकास कार्य आने वाले समय में उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेंगे। उन्होंने कहा कि यही विकास प्रदेश और देश की प्रगति को आगे बढ़ाएगा और विकसित भारत तथा विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आस्था और संस्कृति की समृद्ध धरोहर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश आस्था और सांस्कृतिक विरासत के लिए भी विशेष पहचान रखता है। सहारनपुर स्थित मां शाकंभरी देवी धाम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान यहां लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं। यह स्थल भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां हर वर्ष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।
प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। कहीं खेल महाविद्यालय बनाए जा रहे हैं तो कहीं दो लेन और चार लेन सड़कों का निर्माण हो रहा है। इसके अलावा कई स्थानों पर मार्ग गलियारों का विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरसीसी नालों का निर्माण, विद्यालयों और महाविद्यालयों की स्थापना जैसे अनेक कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि पहले विकास कार्य अक्सर तुष्टिकरण की भेंट चढ़ जाते थे, लेकिन अब सरकार तुष्टिकरण नहीं बल्कि संतुष्टिकरण की नीति पर काम कर रही है ताकि समाज के हर वर्ग को योजनाओं का लाभ मिल सके।
राष्ट्रीय अस्मिता के सम्मान पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश आजादी के अमृतकाल में कई महत्वपूर्ण ऐतिहासिक अवसरों का साक्षी बन रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से जुड़े आयोजनों के माध्यम से देश की सांस्कृतिक और राष्ट्रीय भावना को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की राष्ट्रीय अस्मिता और प्रतीकों का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। जो लोग देश में रहकर भारत के खिलाफ बोलते हैं या देश का अपमान करते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सहारनपुर में तेज गति से चल रहे विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर को नई पहचान दिलाने के लिए यहां के जनप्रतिनिधि लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शहर में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कई महत्वपूर्ण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। स्मार्ट सड़कों का निर्माण हो रहा है और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा बेहतर सड़क निर्माण के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत कार्य हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं की सफलता के लिए जनता का सहयोग भी जरूरी है। विकास कार्यों की निगरानी होनी चाहिए ताकि परियोजनाएं समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरी हो सकें। साथ ही सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या विकास कार्यों में बाधा डालने वाली प्रवृत्तियों से भी सावधान रहने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *