फतेहपुर। थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के पहाड़पुर मजरे सुल्तानपुर घोष निवासी एक निःसंतान विधवा महिला ने अपने पारिवारिक भतीजों पर मकान पर कब्जा करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से न्याय दिलाने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार पहाड़पुर निवासी सूरजकली पत्नी स्वर्गीय शिवबोधन ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि लगभग तीन वर्ष पूर्व उनके पति का निधन हो चुका है तथा उनकी कोई संतान नहीं है। पीड़िता के अनुसार उनके पारिवारिक भतीजे राजेन्द्र और राकेश पुत्रगण शिवमोहन ने अपना मकान गिर जाने की बात कहकर कुछ समय के लिए उनके घर में रहने की अनुमति मांगी थी। मानवता के आधार पर उन्होंने उन्हें अपने घर में रहने दिया था। महिला का आरोप है कि बाद में दोनों ने मकान खाली करने से इंकार कर दिया और उस पर अपना कब्जा बनाए रखा। उन्होंने बताया कि जब वह मायके से वापस लौटीं और मकान खाली करने के लिए कहा तो दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। पीड़िता के अनुसार मामले की शिकायत थाना सुल्तानपुर घोष में की गई थी, जिसके बाद 29 जुलाई 2024 को दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता कराया गया था। समझौते में आरोपितों ने चार माह के भीतर मकान खाली करने का आश्वासन दिया था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी मकान खाली नहीं किया गया। महिला ने आरोप लगाया कि अब दोनों आरोपी उनसे अभद्र व्यवहार करते हैं, गाली-गलौज करते हैं तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी देते हैं। उन्होंने कहा कि इस कारण वह भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन व्यतीत करने को मजबूर हैं। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

