सहयोग का नया कीर्तिमान बना मानवता परिवार

सहयोग का नया कीर्तिमान बना मानवता परिवार
  • स्वर्गीय अमित सिंह के परिजनों को ₹4.02 लाख की आर्थिक सहायता, समाज में पेश की संवेदनशीलता और सहयोग की मिसाल
    फतेहपुर। सामाजिक सहयोग, मानवीय संवेदनाओं और सामूहिक उत्तरदायित्व की अनूठी मिसाल प्रस्तुत करते हुए मानवता परिवार ने जनपद फतेहपुर के धाता क्षेत्र निवासी स्वर्गीय अमित सिंह के परिवार को ₹4,00,269 की आर्थिक सहायता प्रदान की है। संस्था द्वारा यह सहायता राशि हजारों सदस्यों के छोटे-छोटे अंशदानों से एकत्रित की गई, जिससे संकट की घड़ी में पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल मिल सका। जानकारी के अनुसार 38 वर्षीय अमित सिंह के आकस्मिक निधन के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ऐसे कठिन समय में मानवता परिवार ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उनके परिजनों की सहायता के लिए हाथ बढ़ाया। संस्था की पारदर्शी और व्यवस्थित कार्यप्रणाली के अंतर्गत सहायता राशि सीधे मृतक की नामित सदस्य (नॉमिनी) श्रीमती प्रतिमा सिंह के बैंक खाते में स्थानांतरित की गई। इस अवसर पर मानवता परिवार के मंडल प्रभारी अभिलाष कुमार ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य आर्थिक संकट का सामना कर रहे परिवारों को सामूहिक सहयोग के माध्यम से सहायता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि संस्था के नियमों के अनुसार यदि कोई सदस्य 90 दिनों से अधिक समय तक संगठन से जुड़ा रहता है और उसका निधन हो जाता है, तो उसके नामित परिजन को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके अतिरिक्त सामान्य दुर्घटना की स्थिति में उपचार हेतु आर्थिक सहयोग तथा गंभीर दुर्घटना एवं गंभीर बीमारी के मामलों में विशेष सहायता का भी प्रावधान है। अभिलाष कुमार ने बताया कि मानवता परिवार अब तक चार मृतक सदस्यों के परिवारों को कुल ₹13,55,149 की आर्थिक सहायता प्रदान कर चुका है। वहीं 12 सदस्यों को सामान्य दुर्घटनाओं के दौरान उपचार एवं राहत के लिए ₹4,33,689 की सहायता दी गई है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संस्था के सदस्यों की सेवा भावना, सामाजिक प्रतिबद्धता और परस्पर सहयोग की भावना का प्रत्यक्ष उदाहरण है। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में जब कई परिवार आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, ऐसे में मानवता परिवार जैसी संस्थाएं समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन रही हैं। संस्था की यह पहल न केवल जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करती है, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को भी मजबूत करती है। इस अवसर पर इलाहाबाद मंडल प्रभारी अभिलाष कुमार, नगर प्रभारी सुशील राज, मीडिया प्रभारी महेश त्रिपाठी, जितेंद्र कुमार, राम किशन गुप्ता, अतुल गुप्ता, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर संदीप कुमार, मृतक की नॉमिनी प्रतिमा सिंह, अनुज सिंह, बाबा हरिश्चंद्र, ग्राम प्रधान सत्येंद्र पाठक, समाजसेवी नितिन सिंह सहित संस्था के सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने मानवता परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि संगठित प्रयास, संवेदनशील सोच और सामूहिक सहयोग के माध्यम से किसी भी जरूरतमंद परिवार को कठिन परिस्थितियों में अकेला नहीं छोड़ा जा सकता। संस्था भविष्य में भी मानव सेवा, सामाजिक सहयोग और जनकल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *