लाइसेंसी बंदूक से चली गोली बनी काल, बारात की खुशियां मातम में बदली

लाइसेंसी बंदूक से चली गोली बनी काल, बारात की खुशियां मातम में बदली
  • हर्ष फायरिंग में एक की मौत, चार घायल, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
    फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लमेहटा में रविवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक से चली गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई और समारोह स्थल पर चीख-पुकार का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 12:30 बजे डायल-112 पर बारात में गोली चलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही गाजीपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। घायलों में धीरज केवट (50) निवासी औगासी, थाना मरका, जनपद बांदा की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य चार घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पड़ोसी गांव का सुमित तिवारी उर्फ पप्पू तिवारी अपनी लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक लेकर बारात में शामिल होने आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह ड्रोन की दिशा में बंदूक तानकर फायर करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि जब वह बंदूक नीचे कर रहा था, तभी अचानक ट्रिगर दब जाने से गोली चल गई, जिसकी चपेट में आकर पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *