70 वर्षों से रह रहे परिवार को बेघर करने का आरोप, पीड़ित ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार

  • मुतवल्ली पर वक्फ संपत्ति और धन के दुरुपयोग का आरोप
    रियल मीडिया न्यूज नेटवर्क
    फतेहपुर। शहर के कजियाना मोहल्ले में रहने वाले एक परिवार ने वक्फ संपत्ति से जुड़े विवाद में बेघर किए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित परिवार का कहना है कि वह पिछले लगभग 70 वर्षों से वक्फ नंबर-16 की भूमि पर बने मकान में रह रहा था और नियमित रूप से प्रबंधन समिति को किराया अदा करता रहा है। सदर कोतवाली क्षेत्र के कजियाना निवासी मोहम्मद शरीफ ने अपर जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि 23 जुलाई 2024 को अनवर अहमद पुत्र अब्दुल वहीद ने स्वयं को मस्जिद का मुतवल्ली बताते हुए उन्हें मकान खाली करने के लिए दबाव बनाया और गाली-गलौज की। बाद में समझौते के तहत परिवार को साढ़े सात बाई नौ फीट की तीन दुकानें दिए जाने का आश्वासन दिया गया। इसके बदले उनसे 10 लाख रुपये भी लिए गए, जिन्हें बाद में दुकानों के किराए में समायोजित करने की बात कही गई थी। पीड़ित का आरोप है कि दबंगई के बल पर उनसे मकान खाली करा लिया गया, जिससे परिवार के सामने आवास का संकट खड़ा हो गया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी उन्हें न तो रहने के लिए कोई स्थान दिया गया और न ही वादा की गई दुकानें सौंपी गईं। साथ ही 10 लाख रुपये भी वापस नहीं किए गए। मोहम्मद शरीफ ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि वक्फ की आय और संपत्ति का दुरुपयोग किया जा रहा है, जिसकी जांच कराए जाने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *