बहू से विवाद के बाद पिता ने बेटे-बहू को मारी गोली, गांव में सनसनी

  • पेट में गोली लगने से बहू की हालत नाजुक, बेटे का हाथ बुरी तरह जख्मी
  • वारदात के बाद लाइसेंसी बंदूकधारी पिता साइकिल से फरार, पुलिस तलाश में जुटी

फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सीतापुर में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बहू से हुए विवाद के दौरान बेटे के हस्तक्षेप से नाराज एक बुजुर्ग पिता ने अपनी लाइसेंसी दो नाली बंदूक से बेटे और बहू पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम सीतापुर निवासी रामखेलावन पटेल (75 वर्ष) का अपनी बहू मनीषा (28 वर्ष) से फसल को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला उग्र हो गया। बताया जाता है कि रामखेलावन बहू की ओर बढ़ा तो उसका पुत्र अवनीश पटेल (35 वर्ष) बीच-बचाव करने पहुंच गया। इसी बात से आक्रोशित होकर रामखेलावन घर में रखी अपनी लाइसेंसी दो नाली बंदूक निकाल लाया और बेटे-बहू पर फायर झोंक दिया। गोली लगने से मनीषा के पेट में गंभीर चोट आई, जबकि अवनीश का हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया। दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना की सूचना के बावजूद काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। ऐसे में ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए अपने निजी साधनों से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जाता है कि घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक रामखेलावन के पास वर्षों से थी। ग्रामीणों के अनुसार दशकों पूर्व उसके पिता की डकैती के दौरान हत्या हो जाने के बाद प्रशासन द्वारा सुरक्षा के दृष्टिगत यह शस्त्र लाइसेंस जारी किया गया था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रामखेलावन कुर्ता-पायजामा पहनकर साइकिल से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने उसे हरीखेड़ा स्थित शराब ठेके के पास जाते हुए देखने की बात कही है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी, क्षेत्राधिकारी गौरव शर्मा समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त बंदूक की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घायल पति-पत्नी का उपचार जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *