अतिक्रमण पर चला नगर पालिका का बुलडोजर, दुकानदारों ने किया विरोध, फल विक्रेता बेहोश

अतिक्रमण पर चला नगर पालिका का बुलडोजर

बदायूं। बदायूं में पुलिस लाइन के पास रेलवे क्रॉसिंग पर बने ओवरब्रिज के एक्सपेंशन ज्वाइंट का गैप बढ़ने की वजह से उसकी मरम्मत कार्य मंगलवार से शुरू हो गया। इसके चलते ओवरब्रिज पर यातायात की आवाजाही सोमवार से बंद कर दी गई। यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया तो पूरे शहर में जाम लगा रहा। कई प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या गहराने पर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे नगर पालिका बदायूं के ईओ के निर्देश पर अतिक्रमण हटाओ टीम अतिक्रमण को हटाने के लिए बुलडोजर लेकर पहुंच गई। बुलडोजर से ओवरब्रिज के पास अस्थाई तौर पर सड़क किनारे बांस बल्लियों के सहारे तिरपाल डालकर बनाई फल, सब्जी व जूस की दुकानों को ढहाना शुरू किया तो दुकानदारों में खलबली मच गई। बड़ी संख्या में वहां मौजूद दुकानदार कार्रवाई के विरोध में खड़े हो गए। दुकानदारों ने कहा कि पालिका ने बिना जानकारी दिए कार्रवाई शुरू कर दी। इससे उनके सामान को नुकसान हुआ है। कई दुकानदारों ने सामान हटाने के लिए मोहलत मांगी लेकिन नगर पालिका का बुलडोजर नहीं रुका। सामान के नुकसान को लेकर फल बेचने वाला दुकानदार रिंकू बेहोश हो गया। इससे दुकानदारों के होश उड़ गए। तत्काल रिंकू को टेंपो से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उधर, पालिका की टीम का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहा। टीम ने कई लोगों का सामान भी जब्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *