लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती ने रविवार को बयान देकर कहा कि मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं। मेरे अस्वस्थ होने की फैलाई जा रहीं बातें पूरी तरह से निराधार है। उन्होंने बसपा कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव के लिए पूरी तरह जुट जाने का आह्वान करते हुए कहा कि आकाश आनंद अभी भी अपने ससुर के कहे पर चल रहे हैं। अपने दिमाग से काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि बीते दिनों पार्टी हित में जो भी निर्णय लिए गए हैं। उनका पार्टी व मूवमेंट के हित में लाभ ही हुआ है। मायावती ने आकाश आनंद का जिक्र करते हुए कहा कि कल शनिवार को मेरे निवास पर पार्टी इंचार्ज आलोक कुमार के फोन पर आकाश आनंद का फोन आया जिसमें उन्होंने पूछा कि क्या बहन जी अस्वस्थ हैं जिस पर आलोक कुमार ने कहा कि वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं और अपने काम में लगी हुई हैं। इस पर आकाश आनंद ने कहा कि मेरी इस कॉल के बारे में उन्हें न बताएं। मायावती ने कहा कि उनकी इस कॉल की मंशा अच्छी भी हो सकती है और गलत भी। ऐसे में मुझे पार्टी कार्यकर्ताओं को सही जानकारी देने के लिए आना पड़ा। उल्लेखनीय है कि मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक के पद से हटाकर उन्हें बसपा से निष्कासित कर दिया है। वहीं, उनके दबाव के कारण आकाश आनंद के ससुर व पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ को राजनीति से सन्यास की घोषणा करनी पड़ी। शनिवार को जारी किए गए बयान में कहा गया कि अब आकाश आनंद की जगह मायावती की भतीजी दीपिका आनंद बसपा के मिशन को आगे बढ़ाएंगी। वहीं, दीपिका के तैयार न होने पर दलित समाज के किसी कार्यकर्ता को ये जिम्मेदारी दी जाएगी। मायावती ने दिल्ली में चल रहे ब्रिक्स सम्मेलन में जारी किए गए घोषणा पत्र का स्वागत किया है।
मायावती ने दिया बयान- मैं पूरी तरह स्वस्थ्य, आकाश आनंद अभी भी अपने ससुर के कहे में चल रहे हैं
