ललन सिंह का एनकाउंटर: 700 किमी से आकर किया इनामी को ढेर, स्थानीय पुलिस अंजान

ललन सिंह का एनकाउंटर: 700 किमी से आकर किया इनामी को ढेर, स्थानीय पुलिस अंजान

बागपत। सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र में 1.25 लाख रुपये के इनामी बदमाश ललन सिंह के एनकाउंटर ने एक बार फिर स्थानीय पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 700 किलोमीटर दूर लखनऊ से पहुंची एसटीएफ ने रात के समय पूरी कार्रवाई अपने स्तर पर अंजाम दी। वहीं सरसावा पुलिस सोती रही। पुलिस को न तो पहले भनक लगी और मौके पर पहुंचने के बाद एसटीएफ ने वापस भेज दिया। एसटीएफ ने सरसावा क्षेत्र में 1.25 लाख रुपये के इनामी बदमाश ललन सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया। पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय रखी गई। स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी तब हुई, जब मुठभेड़ लगभग समाप्त हो चुकी थी। यह पहला मौका नहीं है, जब स्थानीय पुलिस अपने ही क्षेत्र में हुई बड़ी कार्रवाई से अनजान रही हो। इससे पहले 20 दिसंबर की रात भी लखनऊ एसटीएफ ने गंगोह क्षेत्र में सुल्तानपुर जिले के एक लाख के इनामी सिराज को मुठभेड़ में ढेर किया था। उस समय भी स्थानीय पुलिस को कार्रवाई की भनक नहीं लगी थी और एसटीएफ ने अकेले ऑपरेशन पूरा किया था। इस पूरी मुठभेड़ में न केवल स्थानीय पुलिस के मुखबिर तंत्र पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि पूरी कार्रवाई के दौरान कई सवाल अब भी ऐसे हैं, जिनके जवाब स्पष्ट नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *