लखनऊ। राजधानी लखनऊ से सिपाही भर्ती परीक्षा देने रायबरेली जा रहीं दो युवतियों को सोमवार तड़के ऑटो चालक हसीब सुनसान जगह पर ले गया और छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने एक युवती को बाल पकड़कर पीटा। शोर मचाने पर राहगीर मदद के लिए दौड़ा तो आरोपी भाग निकला। बताया गया कि आरोपी हसीब मूल रूप से हरदोई के कछौना का रहने वाला है। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू की। देर रात पता चला कि आरोपी पारा थाना क्षेत्र के मुन्नूखेड़ा के पास मौजूद है। पुलिस पहुंची और मुठभेड़ में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित के मुताबिक, दोनों अभ्यर्थी लखीमपुर खीरी से ट्रेन से चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। वहां से वे आलमबाग बस अड्डे के लिए ऑटो में बैठीं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि शॉर्टकट का बहाना बनाकर चालक उन्हें पारा के डॉक्टरखेड़ा ले गया। वहां उसने दोनों के साथ छेड़छाड़ की। शोर मचाने पर राहगीर को आता देख आरोपी ऑटो लेकर मौके से भाग गया। पुलिस दोनों को परीक्षा दिलाने रायबरेली ले गई। मौके पर पहुंची पारा पुलिस को युवतियों ने परीक्षा में देरी होने की बात कही। पुलिस उन्हें अपने साथ रायबरेली परीक्षा केंद्र तक ले गई। परीक्षा देकर लौटने के बाद युवतियों ने पारा थाने में आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। घटना के बाद पुलिस ने चारबाग, आलमबाग, मानकनगर और पारा क्षेत्र में लगे करीब 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के जरिये आरोपी को ट्रेस कर लिया गया। डीसीपी ने बताया कि देर रात पुलिस को आरोपी के मुन्नूखेड़ा में होने की जानकारी मिली। चेकिंग के दौरान पुलिस को आरोपी आता दिखा। रुकने के इशारे पर आरोपी ने ऑटो भगाते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस व खोखा बरामद हुआ है। पूछताछ में हसीब ने बताया कि 2024 में हरदोई के संडीला में युवती से दुष्कर्म किया था। इस मामले में वह जेल जा चुका है।
सिपाही भर्ती: परीक्षा देने जा रही युवतियों के साथ की गंदी हरकत, पुलिस की गोली लगी तो निकल गई सारी हवस
