अमेठी में नलकूप के टूटे तार से खेत में उतरा करंट, दो किसानों की मौत

अमेठी में नलकूप के टूटे तार से खेत में उतरा करंट, दो किसानों की मौत

अमेठी। थाना क्षेत्र के हरपालपुर गांव में शुक्रवार सुबह निजी नलकूप के टूटे तार से खेत में उतरे करंट की चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई। मृतकों में हीरालाल प्रजापति (50) और रामबोध यादव (58) शामिल हैं। एक ही गांव के दो किसानों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। दोनों परिवारों में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार हीरालाल प्रजापति शुक्रवार सुबह गांव के बाहर स्थित खेत में धान की रोपाई के लिए गए थे। इसी दौरान निजी नलकूप का बिजली तार टूटकर खेत में भरे पानी के संपर्क में आ गया। करंट उतरने से हीरालाल उसकी चपेट में आकर खेत में गिर पड़े। उधर रामबोध यादव सुबह शौच के लिए खेतों की ओर गए थे। उन्होंने हीरालाल को खेत में पड़ा देखा तो उन्हें लगा कि वह अचानक गिर गए हैं। वह उन्हें उठाने और बचाने के लिए खेत में पहुंच गए, लेकिन खेत में उतरे करंट की जानकारी न होने के कारण खुद भी उसकी चपेट में आ गए। कुछ ही क्षणों में दोनों अचेत होकर गिर पड़े। घटना की जानकारी होने पर आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। दोनों परिवारों की महिलाओं और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों किसान खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। एक ही गांव के दो लोगों की एक साथ मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। दिनभर लोगों का दोनों परिवारों के घरों पर आना-जाना लगा रहा। गांव में अधिकांश घरों में चूल्हे तक नहीं जले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *