मोहर्रम पर्व पर शांति, सौहार्द और परंपरा बनाए रखने पर जोर

मोहर्रम पर्व पर शांति, सौहार्द और परंपरा बनाए रखने पर जोर

नई परंपरा या नई गतिविधि की नहीं होगी अनुमति, पूर्व वर्षों की भांति ही होंगे आयोजन: जिलाधिकारी
उरई,जालौन। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जनपद स्तरीय शांति समिति की समीक्षा बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न धर्मगुरुओं, ताजियादारों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ संवाद स्थापित कर पर्व से संबंधित व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद अपनी गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता है। मोहर्रम पर्व को भी इसी परंपरा के अनुरूप शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मोहर्रम के दौरान सभी कार्यक्रम पूर्व वर्षों की भांति परंपरागत रूप से ही आयोजित किए जाएं। किसी भी प्रकार की नई परंपरा, नया जुलूस मार्ग अथवा नई गतिविधि प्रारंभ नहीं की जाएगी। सभी आयोजनों का संचालन निर्धारित मार्गों एवं स्थापित परंपराओं के अनुरूप ही सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि ताजिया मार्गों का संयुक्त निरीक्षण कर लें तथा मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित कराई जाएं। उन्होंने कहा कि छोटी से छोटी समस्या का भी समयबद्ध समाधान किया जाए ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को शांति समिति के सदस्यों, धर्मगुरुओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद स्थापित कर पर्व से संबंधित व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी,नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उपजिलाधिकारी जालौन रिंकू सिंह रही,समस्त उप जिलाधिकारी,क्षेत्राधिकार,विभिन्न विभागों के अधिकारी,धर्मगुरु,ताजियादार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *