जगनेवा में राशन कोटे के चुनाव पर बवाल… बार-बार तारीख बढ़ने से ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

जालौन के ग्राम जगनेवा में राशन कोटे के चुनाव को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। आरोप है कि कई बार चुनाव की तारीख तय होने के बाद भी अंतिम समय में चुनाव निरस्त कर दिया जाता है, जिससे गांव के लोग परेशान और आक्रोशित हैं। रविवार को भी बड़ी संख्या में ग्रामीण चुनाव प्रक्रिया के लिए पहुंचे थे, लेकिन सुबह करीब 10 बजे चुनाव निरस्त होने की सूचना मिलते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

ग्रामीण रामेंद्र कुमार ने बताया कि चुनाव का समय 11 बजे तय था, लेकिन उससे पहले ही सचिव जितेंद्र पटेल द्वारा चुनाव निरस्त करने की जानकारी दी गई। ग्रामीणों के मुताबिक चुनाव मैदान में आशुतोष कुमार, शिवम और मिथुन की पत्नी समेत तीन प्रत्याशी थे।

गांव वालों का कहना है कि राशन की दुकान न होने के कारण उन्हें दूसरे गांवों में जाकर राशन लेना पड़ रहा है, जिससे गरीब परिवारों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ रही है। लोगों का आरोप है कि हर बार चुनाव की तारीख देकर उम्मीद जगाई जाती है, लेकिन बाद में प्रक्रिया टाल दी जाती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द निष्पक्ष तरीके से राशन कोटे का चुनाव कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर बार-बार इसी तरह तारीख बढ़ती रही तो आने वाले समय में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। फिलहाल ग्राम जगनेवा का यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *