उरई नगर पालिका में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सभासद विपिन सेठ और ईओ रामअचल कुरील के बीच जमकर बहस हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि नगर पालिका परिसर में काफी देर तक हंगामा चलता रहा और दूसरे सभासद भी खुलकर ईओ के खिलाफ उतर आए। अब इस पूरे विवाद के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका में कई कार्यों में भारी अनियमितताएं हो रही हैं, लेकिन जानकारी मांगने पर ईओ कार्यालय की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जाता। इसी मुद्दे को लेकर सभासदों का गुस्सा फूट पड़ा।
सभासद विपिन सेठ समेत अन्य सभासदों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर नगर पालिका के कई कार्यों की जांच और दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की है। पत्र में ई-निविदा प्रक्रिया, रेन बसेरों के ठेके, शेल्टर होम और मेडिकल कॉलेज में हुए भुगतान, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की निविदा और बोर्ड फंड से हुए खर्च का पूरा विवरण मांगा गया है।
सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका में पारदर्शिता नहीं है और कई मामलों में जानकारी छिपाई जा रही है। वहीं चेतावनी दी गई है कि अगर तय समय तक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई तो इलेक्ट्रॉनिक तरीके से धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
फिलहाल नगर पालिका उरई का यह विवाद पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और वायरल वीडियो ने नगर पालिका की अंदरूनी खींचतान को खुलकर सामने ला दिया है।
